देवरिया : सड़क सुरक्षा के प्रति निकली जन जागरूकता रैली

असगर अली
देवरिया। जनपद में शनिवार को यातायात माह-नवंबर 2025 का शुभारंभ हुआ। सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस विभाग ने एक जनजागरूकता रैली का आयोजन किया। इस रैली को भटवालिया स्थित यातायात कार्यालय से अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आनंद कुमार पांडेय और क्षेत्राधिकारी (सीओ) विनी सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में पुलिस अधिकारी और यातायात कर्मी शामिल थे। उनके हाथों में सड़क सुरक्षा से संबंधित स्लोगन लिखे पोस्टर और बैनर थे, जिनके माध्यम से लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई। प्रतिभागियों ने “सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा है”, “हेलमेट लगाओ परिवार को सुरक्षित बनाओ”, और “सीट बेल्ट आपकी सुरक्षा कवच है” जैसे नारे लगाए।
यह रैली शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों जैसे रुद्रपुर मोड़, कचहरी चौराहा, जिलाधिकारी आवास, सुभाष चौक और सिविल लाइन से होते हुए पुनः यातायात कार्यालय पर समाप्त हुई। रैली के दौरान जगह-जगह लोगों ने प्रतिभागियों का स्वागत किया और इस पहल की सराहना की।रैली के बाद आयोजित सभा में अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आनंद कुमार पांडेय ने सड़क सुरक्षा के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाएं तभी कम होंगी जब हर नागरिक यातायात नियमों का पालन अपनी आदत बना लेगा। एएसपी ने बताया कि हेलमेट और सीट बेल्ट केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी सुरक्षा के लिए आवश्यक हैं। पांडेय ने आगे कहा कि सड़क पर एक पल की लापरवाही किसी परिवार की जिंदगी बदल सकती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यातायात माह का मुख्य उद्देश्य केवल नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि जनता में सड़क सुरक्षा के प्रति चेतना जागृत करना है।




