
तिलक कुमार
बलिया। खेजुरी थाना क्षेत्र में हुई दंपत्ति की हत्या का पुलिस ने मंगलवार को पर्दाफाश कर दिया है। एसओजी और थाना खेजुरी की संयुक्त टीम ने मुख्य आरोपी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। घटना नौ फरवरी की रात की है। मृतक श्यामलाल चौरसिया और उनकी पत्नी बासमती देवी मेन रोड पर स्थित अपने मकान में कोचिंग संचालित करते थे। रात करीब नौ बजे दोनों की चाकू से हत्या कर दी गई थी। हत्या की सफल अनावरण करने वाली टीम को डीआईजी आजमगढ़ परिक्षेत्र ने 50 हजार रुपये का नगद इनाम देने की घोषणा किया है।
पुलिस ने 25 फरवरी को बलिया रेलवे स्टेशन के पास से मुख्य आरोपी अखिलेश चौरसिया को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने दंपत्ति की हत्या स्वीकार की। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने खून से सना चाकू और दस्ताने बरामद किए। जांच में सामने आया कि अखिलेश के माता-पिता की मृत्यु 2009 में हुई थी।
आरोपी का मानना था कि श्यामलाल द्वारा कराई गई ओझाई-टोने के कारण उसके माता-पिता की मौत हुई थी। इसी रंजिश में उसने हत्या की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने इस मामले में तीन अन्य आरोपी शिवानंद चौरसिया, अशोक कुमार वर्मा (ओझा) और नंदजी पासवान (ओझा) को भी गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को संबंधित धाराओं में न्यायालय भेज दिया गया है।