देवरिया : अनाथ बहनों के भरण पोषण और संरक्षण की जिम्मेदारी सपा सांसद ने ली

असगर अली, ब्यूरो चीफ/देवरिया । जनपद के सलेमपुर विधान सभा क्षेत्र के इशारू गांव में माता-पिता की मौत के बाद अनाथ हुईं पांच नाबालिग बहनों से सोमवार को सपा सांसद रमाशंकर राजभर ने की मुलाकात। उन्होंने इस घटना पर चिंता जताते हुए उनके भरण-पोषण और संरक्षण की जिम्मेदारी अपने स्तर से उठाने का आश्वासन दिया। इशारू गांव निवासी मोहन राजभर पुत्र राजेश राजभर की 7 अगस्त को सड़क हादसे के दौरान मृत्यु हो गई थी। पति की मृत्यु के पश्चात अवसाद ग्रस्त होने के कारण पत्नी सुगंधी देवी की भी तीन दिन बाद 10 अगस्त को मृत्यु हो गई। पति-पत्नी की मौत के बाद उनकी पांच बेटियां पुष्पा, दुर्गा, देवनती, आंसू और राधिका अनाथ हो गई हैं।इसकी जानकारी मिलने पर सांसद रमाशंकर राजभर इशारू गांव पहुंचे। उन्होंने परिवार से मिलकर बच्चियों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने माता के अंतिम संस्कार के लिए अपनी ओर से 31 हजार रुपये और 10 कुंतल राशन की व्यवस्था कराई। सांसद ने मौके से अधिकारियों से बातचीत कर बच्चियों के लिए लाल कार्ड बनवाने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने को कहा। उन्होंने बताया कि बिजली बिल का भुगतान नहीं होने के कारण कनेक्शन काट दिया गया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से बिजली बिल माफ कराने और कनेक्शन दोबारा जोड़ने की मांग की। साथ ही प्रशासन से अनाथ बच्चियों के भरण-पोषण में सहयोग करने को कहा। सांसद ने ग्रामीणों और सपा कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में पांचों बच्चियों के सम्पूर्ण संरक्षण की जिम्मेदारी अपने स्तर से लेने की बात कही। उन्होंने कहा कि बच्चियों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष नागेंद्र पासवान, योगेश यादव, पवन यादव, सपा नेता मंजूर आलम, सांसद के मीडिया प्रभारी विवेक भास्कर, पिंटू पासवान सहित दर्जनों कार्यकर्ता शामिल रहे।



