बुलंदशहर: गौकशी की काली कमाई से बनी करोड़ों की संपत्ति कुर्क
गैंगस्टर अय्यूब पर कार्रवाई,सिकंदराबाद में तीन मंजिला मकान और बाइक कुर्क, डीएम के आदेश पर हुई कार्रवाई

बुलंदशहर/ संवाददाता मोहित त्यागी। गौकशी से अर्जित अवैध कमाई से बनाई गई संपत्ति पर जिला प्रशासन ने शिकंजा कस दिया है। डीएम कुमार हर्ष के आदेश पर सिकंदराबाद पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर अय्यूब की करीब 1 करोड़ रुपये कीमत की संपत्ति कुर्क कर ली। सीओ दीपक कुमार और तहसीलदार राकेश कुमार मौर्य की मौजूदगी में सिकंदराबाद क्षेत्र के गांव तिल बेगमपुर में मुनादी कराकर कुर्की की कार्रवाई की गई। प्रशासन ने गैंगस्टर अय्यूब का तीन मंजिला मकान कुर्क किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही करीब 60 हजार रुपये कीमत की एक एचएफ डीलक्स बाइक भी कुर्क की गई है।पुलिस के अनुसार आरोपी अय्यूब गौकशी के मामलों में लिप्त है और उसने अपराध से अर्जित अवैध धन से यह संपत्ति बनाई थी। गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर यह कार्रवाई की गई है।प्रशासन ने साफ किया है कि गौकशी, मादक पदार्थ तस्करी और अन्य संगठित अपराधों से संपत्ति बनाने वालों के खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।




