
गोविन्द लाल शर्मा
आजमगढ़। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। परिसीमन के बाद वार्डों और सदस्यों की सूची पंचायतीराज निदेशालय को भेज दी गई है, वहीं मतदाता सूची के दावे-आपत्तियों का काम भी अंतिम चरण में है। मिली जानकारी के अनुसार, इस वर्ष मई-जून में संभावित त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर दावेदार आरक्षण की घोषणा का इंतजार कर रहे हैं। इसी बीच पंचायतीराज निदेशालय ने परिसीमन के बाद जिले की वार्डवार और सदस्यों की सूची तलब की थी, जिसे भेज दिया गया है। मतदाता सूची का कार्य छह फरवरी तक पूरा किया जाना है। सूची में खामियों के सुधार के लिए मतदाता दावे और आपत्तियां दर्ज करा रहे हैं। पंचायतीराज निदेशक ने हाल ही में प्रधान, पंचायत सदस्य, बीडीसी व डीडीसी सदस्य, ब्लॉक प्रमुख और जिला पंचायत अध्यक्ष के कार्यकाल की समाप्ति का ब्योरा मांगा था। अब निदेशालय स्तर पर वार्डों और पदों की सूची संकलित की जा रही है।नगर क्षेत्र में कई ग्राम पंचायतों के शामिल होने से जिले में प्रधान, बीडीसी और जिला पंचायत सदस्य पदों की संख्या में कमी आई है। जिले में कुल 1811 ग्राम पंचायत प्रधान, 2044 बीडीसी सदस्य, जिला पंचायत सदस्य और 82 महाप्रधान पदों पर चुनाव प्रस्तावित हैं।




